दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में दरभंगा जमीन विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर डरहार निवासी गृहस्वामी ललितेश्वर झा ने बहादुरपुर थाने में आवेदन देने की बात कही है। उनका आरोप है कि कुछ लोग घर पर कब्जा करने की नीयत से घर में घुसे और मारपीट करने के साथ-साथ मकान को तोड़ने लगे।
ललितेश्वर झा के अनुसार, शनिवार दोपहर बीबी टोल निवासी जगमोहन झा के पुत्र प्रकाश कुमार झा सहित करीब एक दर्जन लोग उनके घर में पहुंचे। आरोप है कि सभी लोग घर पर कब्जा करने की कोशिश करते हुए मारपीट करने लगे और घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। घटना की सूचना उन्होंने डायल 112 पर दी।
बताया गया कि रविवार को भी कुछ लोगों के साथ कथित तौर पर दोबारा घर में तोड़फोड़ की कोशिश की गई। इसके बाद ललितेश्वर झा ने बहादुरपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घर में तोड़फोड़ कर रहे लोगों को रोक दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों से थाने में आवेदन देने को कहा।
पुलिस के मुताबिक, मकान और जमीन के स्वामित्व को लेकर दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं। एक पक्ष का कहना है कि विवादित जमीन सरकारी है, जबकि दूसरे पक्ष का दावा है कि जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम पर है। पुलिस ने दोनों पक्षों को आवेदन के साथ अंचलाधिकारी (सीओ) के समक्ष भी अपना पक्ष रखने को कहा है।
पत्नी और बहू के साथ छेड़खानी का भी आरोप
गृहस्वामी ललितेश्वर झा ने आरोप लगाया कि घर में घुसने वाले लोगों ने उनकी पत्नी और बहू के साथ मारपीट और छेड़खानी की। उन्होंने यह भी दावा किया कि घर में रखे कई सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। उनका कहना है कि डायल 112 की पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।
ललितेश्वर झा ने पुलिस को बताया कि उनकी बाईपास सर्जरी हो चुकी है और वह हृदय रोगी हैं। उनकी पत्नी भी हृदय रोग से पीड़ित हैं। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि इससे पहले उनके घर में लूट की घटना हो चुकी है। इस मामले में बहादुरपुर थाना में कांड संख्या 547/25 दर्ज है, जिसमें वीरेंद्र कुमार मिश्रा सहित कई लोगों को आरोपी बनाया गया था।

दरभंगा जमीन विवाद: CCTV फुटेज में तोड़फोड़ करते दिखे लोग
दरभंगा जमीन विवाद घटना से जुड़े CCTV फुटेज में दो लोगों को कथित तौर पर घर में तोड़फोड़ करते हुए देखा जा रहा है। हालांकि, जमीन और मकान के वास्तविक स्वामित्व को लेकर दोनों पक्षों के बयान अलग-अलग हैं।
बहादुरपुर थाना पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। अभी तक थाने में कोई आवेदन नहीं दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही जमीन और घटना से जुड़े पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
FOR PREMIUM ORGANIC MAKHANA – VISIT HERE

