यह पहला मौका नहीं है जब Darbhanga में पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया हो। रविवार को लहेरियासराय थाना क्षेत्र अंतर्गत बीके रोड पर नगर निगम की कार्रवाई के दौरान पत्रकारों के साथ हुई कथित अभद्रता के बाद जिले के सैकड़ों पत्रकार एकजुट हो गए। सभी पत्रकारों ने प्रमंडलीय आयुक्त से मुलाकात कर आवेदन सौंपा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
Darbhanga नगर निगम की कार्रवाई के दौरान हुआ विवाद
रविवार को Darbhanga के लहेरियासराय थाना क्षेत्र स्थित बीके रोड पर कोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम द्वारा कर दुकानों को खाली कराने की कार्रवाई की जा रही थी। इस दौरान नगर निगम प्रशासन मौके पर पहुंचा और लाठीचार्ज के बाद बुलडोजर से दुकानों को ध्वस्त किया गया।
इसी कार्रवाई की खबर संकलन के लिए मौके पर पहुंचे पत्रकारों के साथ कथित रूप से नगर निगम के उपनगर आयुक्त जयचंद अकेला द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया।

खबर संकलन से रोकने और कैमरा छीनने का आरोप
पत्रकारों का कहना है कि जब उन्हें खबर संकलन करते देखा गया तो पहले अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें रोका गया और खबर बनाने से मना किया गया। कुछ पत्रकारों के कैमरे चालू थे, जिन्हें छीनने और बंद करने का प्रयास भी किया गया।
इस दौरान पत्रकारों के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे Darbhanga के पत्रकार समुदाय में भारी आक्रोश फैल गया।

पत्रकारों से संबंधित बड़ा सवाल यह है कि
क्या ईमानदारी से खबर बनाना और सही खबर लोगों तक पहुंचाना गलत है। क्या पत्रकार खबर बनाना छोड़ दें?
आखिर अधिकारियों व अफसरों को पत्रकारों द्वारा खबर बनाए जाने पर किस बात का आक्रोश होता है – यह एक बड़ा सवाल बन गया है।
मेरा ये कहना है कि अगर कहीं ईमानदारी से काम हो रहा है और उसकी खबर बनाई जा रही है, तो डर किस बात का है। लगातार देखा जा रहा है कि पत्रकारों को खबर बनाने से रोका जाता है।
यदि अफसरों की वाहवाही होती है तो सब ठीक, लेकिन यदि खबर उन्हें असहज करती है तो अभद्र भाषा और कैमरा छीनने जैसी घटनाएं सामने आती हैं।
प्रमंडलीय आयुक्त से मुलाकात, जांच के आदेश
घटना से आक्रोशित पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने Darbhanga प्रमंडलीय आयुक्त से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। मुलाकात के बाद आयुक्त स्वयं मीटिंग हॉल में पहुंचे और बारी-बारी से सभी पत्रकारों का कुशलक्षेम पूछा।
प्रमंडलीय आयुक्त ने घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और तथ्यों के आधार पर तुरंत जांच कमेटी गठित करने का आदेश दिया। साथ ही जिस कथित घोटाले से जुड़ी खबर को लेकर यह पूरा विवाद उत्पन्न हुआ, उसकी भी अलग से जांच करने की बात कही गई।
पत्रकारों की अन्य समस्याओं पर भी हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान पत्रकारों ने अपनी अन्य समस्याएं भी प्रमंडलीय आयुक्त के समक्ष रखीं। आयुक्त ने सभी बातों को गंभीरता से सुनते हुए अपने स्तर से आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिया।
इस मौके पर प्रेस क्लब सहित जिले के विभिन्न मीडिया संगठनों से जुड़े लगभग सैकड़ों पत्रकार मौजूद रहे।
प्रेस की स्वतंत्रता और सुरक्षा का सवाल
पत्रकारों ने कहा कि यह मामला केवल एक घटना नहीं है, बल्कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़ा गंभीर विषय है। अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

दरभंगा से सौरभ झा की रिपोर्ट
FOR PREMIUM ORGANIC MAKHANA – VISIT HERE
